हरियाणा की कानून व्यवस्था दयनीय, किसानों की सिंचाई समस्याओं पर सरकार गंभीर नहीं: अदित्य देवीलाल

चंडीगढ़, 10 मार्च 2025 – हरियाणा विधानसभा में आज इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के विधायक दल के नेता अदित्य देवीलाल ने प्रदेश में कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति और किसानों की सिंचाई समस्याओं को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने महिलाओं, अनुसूचित जाति और व्यापारियों के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए कहा कि सरकार की निष्क्रियता के कारण प्रदेश में अराजकता का माहौल बना हुआ है।
कानून व्यवस्था पर सवाल
विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान अदित्य देवीलाल ने 2019 से 2024 तक हरियाणा में महिलाओं और अनुसूचित जाति के खिलाफ अपराधों का आंकड़ा पेश करने की मांग की। उन्होंने कहा:
- हत्या, बलात्कार, अपहरण, डकैती और लूटपाट की घटनाओं में तेजी से वृद्धि हुई है।
- सरकार ने अपराध रोकने के लिए टास्क फोर्स तो बनाई है, लेकिन अगर वही टास्क फोर्स अपराध करने लगे, तो फिर जनता की सुरक्षा कौन करेगा?
- व्यापारियों और आम जनता की सुरक्षा के लिए सरकार के पास कोई ठोस योजना नहीं है।
उन्होंने प्रदेश की गिरती कानून व्यवस्था पर सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की।
सिंचाई संकट और किसान विरोधी नीतियों पर हमला
शून्यकाल के दौरान अदित्य देवीलाल ने हरियाणा में किसानों की सिंचाई समस्याओं और भूजल संकट पर सरकार को घेरा।
- भाजपा सरकार की “मेरा पानी मेरी विरासत” योजना पूरी तरह विफल हो चुकी है।
- पिछले 10 वर्षों में बीजेपी सरकार ने किसानों को अतिरिक्त पानी मुहैया कराने के लिए कोई नई योजना नहीं चलाई।
- दादूपुर नलवी नहर, जिसे पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओमप्रकाश चौटाला ने बनवाया था, उच्च न्यायालय के आदेशों के बावजूद भी सरकार ने बंद करवा दिया।
एसवाईएल नहर विवाद पर बोलते हुए अदित्य देवीलाल ने कहा:
- सुप्रीम कोर्ट का फैसला हरियाणा के हक में आने के बावजूद सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
- पंजाब के सभी दल एकजुट होकर एसवाईएल का विरोध कर रहे हैं, लेकिन बीजेपी सरकार चुप बैठी है।
- अगर एसवाईएल का पानी हरियाणा को मिलता है, तो किसानों को सिंचाई के लिए अधिक पानी मिलेगा, फसल उत्पादन बढ़ेगा और कर्ज से मुक्ति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के किसानों ने बीजेपी को जिताकर सरकार में भेजा, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा।