संयुक्त किसान मोर्चा, हिसार ने लघु सचिवालय पर धरना प्रदर्शन किया

0
Kuldeep Poonia BKU Ugrha

किसान नेताओं ने आगे कहा कि यदि सरकार ने 20 मार्च तक इन समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो 20 मार्च को कुरुक्षेत्र पिपली में हरियाणा भर के किसान एकजुट होकर मुख्यमंत्री के आवास का घेराव करेंगे।

हिसार, 11 मार्च 2025:

संयुक्त किसान मोर्चा, हिसार ने आज अपनी प्रमुख मांगों को लेकर लघु सचिवालय हिसार गेट के सामने धरना प्रदर्शन किया। इस अवसर पर प्रदर्शन की अध्यक्षता सुरजभान डाया, कमला देवी और रोहतास ने संयुक्त रूप से की, जबकि संचालन सरदानन्द राजली ने किया। प्रदर्शन के दौरान, किसान नेताओं ने उपायुक्त महोदय, हिसार के मार्फत मुख्यमंत्री हरियाणा, श्री नायब सिंह सैनी को एक ज्ञापन सौंपा।

किसान नेताओं ने कहा कि देश भर और विशेष रूप से हरियाणा के किसानों की प्रमुख समस्याएँ जैसे कि कृषि विपणन नीति, बिजली कानून, पराली पर दर्ज मामले और अन्य मुद्दे अभी तक हल नहीं हुए हैं, जिसके कारण किसान वर्ग में रोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने सरकार से इन मुद्दों पर शीघ्र ध्यान देने की अपील की।

किसान नेताओं ने आगे कहा कि यदि सरकार ने 20 मार्च तक इन समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो 20 मार्च को कुरुक्षेत्र पिपली में हरियाणा भर के किसान एकजुट होकर मुख्यमंत्री के आवास का घेराव करेंगे।

इस आंदोलन का आह्वान संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा किया जाएगा।

मुख्य मांगें:

  1. केंद्र सरकार द्वारा कृषि विपणन नीति पर जारी राष्ट्रीय नीति को हरियाणा विधानसभा में पारित कर वापस लिया जाए।
  2. बिजली कानून और स्मार्ट मीटर योजना को रद्द किया जाए।
  3. किसान आंदोलनों के दौरान बनाए गए सभी मुकदमे खारिज किए जाएं।
  4. पराली के मामले में दर्ज सभी केस रद्द किए जाएं।
  5. रबी 2025 की गेहूं सहित अन्य फसलों पर किसानों को बोनस दिया जाए।
  6. खरीफ 2024 के सुखा राहत कोष की राशि जल्द जारी की जाए।
  7. पिछले फसल खराबे के मुआवजे और लंबित बीमा क्लेम जारी किए जाएं।
  8. रबी 2025 में ओलावृष्टि से बर्बाद फसलों का मुआवजा दिया जाए।
  9. सरसों की खरीद प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए।
  10. किसान और मजदूरों को कर्जमुक्त किया जाए।
  11. बिजली के लंबित ट्यूबवेल कनेक्शन शीघ्र जारी किए जाएं।
  12. सहकारी सोसाइटियों में किसानों के नए खाते खोले जाएं और कृषि ऋण उपलब्ध करवाया जाए।
  13. वैकल्पिक कृषि नीति बनाई जाए जो किसानों और मजदूरों के हितों का ध्यान रखें।
  14. मनरेगा का विस्तार किया जाए और दिहाड़ी बढ़ाई जाए।
  15. सभी किसान मजदूरों को 58 वर्ष की आयु के बाद मासिक पेंशन दी जाए और बुढ़ापा पेंशन बढ़ाई जाए।

प्रदर्शन में शमशेर सिंह नम्बरदार, रणबीर मलिक, डॉ. करतार सिवाच, सतबीर धायल, सोमबीर चौधरीवास, मुकेश घणघस, सुबेसिंह बूरा, जसबीर सूरा, कुलदीप पुनिया, कपूर बगला, सुरेश दुर्जनपुर, मनोज सोनी और कई अन्य प्रमुख किसान नेता शामिल हुए।

संयुक्त किसान मोर्चा ने इस प्रदर्शन के माध्यम से सरकार से अपनी मांगों का समाधान करने की अपील की है, अन्यथा बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *